नोएडा। दुर्गा पूजा के बाद नोएडा प्राधिकरण द्वारा बनाए गए कृत्रिम विसर्जन घाटों पर गंदगी का अंबार लगा है। मूर्तियों के विसर्जन के दो दिन बाद भी सफाई न होने का कारण आसपास के लोग बदबू से परेशान हैं।
घाटों पर पूजा सामग्री, फूल-मालाएं, चुनरी और कपड़े बिखरे पड़े हैं। हवा के साथ यह कचरा आसपास के इलाकों और सड़कों तक पहुंच रहा है। सेक्टर 62, 25ए, 46ए, 33ए, 116, 74, 78 और 105 में कृत्रिम विसर्जन घाट तैयार किए गए थे। हालांकि, विसर्जन के बाद इनकी सफाई में लापरवाही सामने आई है।
शहर के कृत्रिम विसर्जन घाटों पर हालात चिंताजनक दिखाई दिए। कुछ गरीब बच्चे कचरे में से नारियल उठाकर खाते नजर आए। वहीं, कुछ बच्चे घाट में भरे पानी में उतरकर चढ़ावे के पैसे तलाश रहे थे। गंदगी में खाद्य सामग्री खाना और पानी में उतरना बच्चों की सेहत व सुरक्षा के लिए जोखिम भरा है। ऐसे में सवाल उठता है कि विसर्जन के बाद घाटों की सफाई और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था की गई है।