शुक्रवार सुबह भी एक घंटे रहे जाम के हालात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अगाहपुर सेक्टर-40 से एनएसईजेड सेक्टर-82 तक बना भंगेल एलिवेटेड रोड मंगलवार से ट्रैफिक ट्रायल के लिए खोला गया है। एलिवेटेड पर सुबह के समय में सेक्टर-82 की तरफ वाहन उतरते ही जाम में फंस जाते हैं। जाम का प्रमुख कारण सेक्टर-82 के आगे कोंडली नाले पर बना हुआ पुल संकरा होना है। यहां पर शुक्रवार सुबह भी जाम लगा। करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
सुबह के समय में बड़ी संख्या में लोग एनएसईजेड, फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र, सेक्टर-80, 81 में अपनी नौकरी पर जाते हैं। इस वजह से वाहनों व पैदल राहगीरों का दबाव रहता है। इसी तरह शाम के समय सेक्टर-40 के सामने ट्रैफिक फंसने से जाम लग रहा है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अभी एलिवेटेड रोड ट्रैफिक ट्रायल के लिए खोला गया है। जो भी समस्याएं आ रही हैं उनको दूर करवाया जाएगा।