बच्चा चोर समझ लोगों ने युवक को जमकर पीटा
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर में मंगलवार रात एक युवक को लोगों ने बच्चा चोर समझ जमकर पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को लोगों से बचाया। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है। वह अपना नाम भी नहीं बता पा रहा है। बुधवार को भी पुलिस ने उसे चौकी में बैठा रखा था।
पुलिस के मुताबिक बिलासपुर कस्बे के कुरैशी मोहल्ले में करीब 35 वर्षीय युवक घूम रहा था। दो युवकों ने उसे देखकर अन्य लोगों को उसके बच्चा चोर होने की सूचना दे दी। इसके बाद करीब 20 लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को बच्चा चोर समझ जमकर पीट दिया। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने युवक को लोगों से बचाया। पुलिस पूछताछ करने के लिए उसे अपने साथ चौकी ले आई। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है। वह भटककर कस्बे में पहुंच गया था। जहां लोगों ने उसको बच्चा चोर समझ लिया। हालांकि, पुलिस ने दावा किया है कि लोगों ने उसकी पिटाई नहीं की है।
पहले भी दो लोगों को पीट चुकी है भीड़
दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बच्चा चोर समझकर पहले भी दो लोगों की पिटाई हो चुकी है। बाद में पुलिस ने जांच की तो उनमें से एक साधु और दूसरा मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति निकला। बच्चा चोर के शक में लगातार लोगों से मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसके बाद भी पुलिस कोई करवाई नहीं कर रही है।
दनकौर रेलवे स्टेशन नजदीक होने के चलते मानसिक रूप से कमजोर एक युवक ट्रेन में बैठकर बिलासपुर आ गया था। जिसको लोगों ने बच्चा चोर समझ लिया। उसकी पिटाई की सूचना नहीं है। - समरेश कुमार सिंह, कोतवाल दनकौर