जलालपुर में अवैध निर्माण करने वाले 16 बिल्डरों पर 8 केस दर्ज
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर में भी प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों को चकमा देकर अवैध निर्माण करा दिया गया। वहीं, ग्रेनो प्राधिकरण ने भी शाहबेरी की तर्ज पर अवैध निर्माण कराने वाले 16 बिल्डरों और कॉलोनाइजर को चिह्नित कर अलग-अलग आठ एफआईआर दर्ज कराईं हैं। आरोप है कि प्राधिकरण की अनुमति के बिना बहुमंजिला इमारतों (दुकानें और आवासीय भवन) का निर्माण कराया गया। इतना ही नहीं खरीदारों को धोखा देकर इनकी बिक्री भी की गई है। वहीं, प्राधिकरण ने अवैध निर्माण से बड़ा हादसा होने की आशंका भी जताई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक पीपी मिश्रा की तरफ से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि खेती की जमीन पर प्राधिकरण से बिना अनुमति लिए और नक्शा पास कराए भवनों का निर्माण किया गया। इसके बाद बिल्डर व कॉलोनाइजर ने आवासीय और व्यावसायिक योजना के भवन बताकर इनकी बिक्री भी कर दी। ये सभी भवन असुरक्षित हैं और यहां शाहबेरी की तरह बड़ा हादसा हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया कि यह यूपी औद्योगिक क्षेत्र विकास अधिनियम 1976 की धारा 10 का उल्लंघन है। कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि विशाल नागर, प्राशुल मित्तल, रोहित सिसौदिया, एसबीआरएम बिल्डर एंड डेवलपर्स के शिवकुमार, एडीआर होम्स के महेश चंद्र गर्ग, रानी, नीरज, नरेश कुमार गर्ग, किशन रस्तोगी, जगदीश प्रसाद, अशोका ग्रीन के प्रवीण, अशोक, देशराज सिंह, संत, रामवीर व राधे श्याम पर केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी दिल्ली, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद आदि अलग-अलग स्थानों के रहने वाले हैं। कुछ आरोपियों का सही पता नहीं मिला है। जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।