ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ज्यू-1 के पार्कों की खराब हालत को लेकर निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। उनका कहना है कि पार्कों में लंबे समय से नियमित सफाई और रखरखाव नहीं होने से घास और झाड़ियां काफी ज्यादा बढ़ गई हैं जिससे दिक्कत बढ़ गई है।
निवासी सुदेश तिवारी ने बताया कि कई महीनों से पार्कों की सफाई, घास की कटाई और देखभाल नहीं की गई है। इस वजह से पार्कों में गंदगी फैल गई है। झाड़ियों और घास के कारण पार्कों में अक्सर सांप समेत अन्य कीड़े-मकोड़े निकलते हैं। शाम के समय बड़ी संख्या में बच्चे पार्कों में खेलने आते हैं। ऐसे में डर बना रहता है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि पार्क बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए महत्वपूर्ण हैं इसलिए उनकी साफ-सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि पार्कों की तत्काल सफाई कराई जाए।