- कई दिनो से खराब पड़ी है सोसाइटी की लिफ्ट, सीढि़यां चढ़ने पर मजबूर हैं लोग
- सबसे अधिक बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अर्थकाॅन संस्कृति सोसाइटी के एक टावर में लिफ्ट बंद होने से निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि करीब चार दिनों से लिफ्ट का संचालन बंद है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सीढ़ियों के सहारे हैं। वहीं, मेंटेनेंस प्रबंधन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सोसाइटी में रहने वाले विवेक शर्मा ने बताया कि बी टावर में करीब 105 फ्लैट बने हुए हैं, जिनमें से अभी 75 फ्लैट में ही लोगों को पजेशन मिला है। टावर 14 मंजिला बना हुआ है। जिसमें आने-जाने के लिए लोगों के लिए केवल एक ही लिफ्ट लगाई गई है। दूसरी लिफ्ट लगना अभी बाकी है। एक लिफ्ट भी पिछले करीब चार दिनों से बंद पड़ी हुई है। लिफ्ट का संचालन बंद होने के कारण निवासी सीढ़ियों के भरोसे हैं। महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। कई लोग लोग बीमार भी हैं, जिन्हें ऊपर नीचे आने में अधिक परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि फ्लैट नंबर 1302 में एक निवासी रहते हैं, जिनके बच्चे को घर में खेलते वक्त चोट लग गई। लिफ्ट का संचालन बंद होने पर वह अपने बच्चे को सीढ़ियों से गोद में लेकर आए। उसके बाद डॉक्टर के पास ले गए। लोगों का आरोप है कि सोसाइटी की देखरेख की जिम्मेदारी बिल्डर के बाद कोर्ट द्वारा आईआरपी को दी गई है, लेकिन आईआरपी द्वारा सोसाइटी का रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा है। वहीं, मेंटेनेंस हेड सुशील ने बताया कि लिफ्ट का संचालन मंगलवार से शुरु हो जाएगा।