निवासी बोले- मूलभूत सुविधाएं अधूरी मगर मेंटेनेंस शुल्क पूरा लिया जा रहा
-
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। यमुना सिटी स्थित गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से निवासी परेशान हैं। सोसाइटी में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी है। साफ-सफाई की व्यवस्था भी खराब है। लोगों का कहना है कि अलग-अलग जगहों पर जमा कचरा बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है।
निवासियों का आरोप है कि 2020 में बगैर स्थायी ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) और सुविधाओं के फ्लैटों का कब्जा दे दिया गया था। इसके बाद से समस्याएं लगातार बनीं हुईं हैं। सोसाइटी में लिफ्ट ठीक से काम नहीं करतीं। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), पर्याप्त पार्किंग, सुरक्षित बाउंड्रीवॉल और मुख्य प्रवेश-निकास की समुचित व्यवस्था अब तक नहीं हो पाई है।
इसके अलावा बार-बार बिजली कटौती की समस्या भी लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है, जबकि लोगों का कहना है कि अधूरी सुविधाएं हैं, लेकिन मेंटेनेंस फीस पूरी ली जा रही है। बचे हुए टावरों के निर्माण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। निवासियों का कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।