सोसाइटी में 1200 से ज्यादा परिवार, बेरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोका
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। लोटस जिंग सोसाइटी में बृहस्पतिवार से पानी न मिलने से परेशान लोगों ने शनिवार को सड़क पर चक्का जाम कर दिया। निवासियों ने सड़क पर बेरिकेडिंग लगाकर ट्रैफिक रोक दिया। लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। आक्रोशित निवासियों को मौके पर पहुंचे एसडीएम ने शांत कराया।
सोसाइटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि तीन दिन से 1200 से ज्यादा परिवार पानी को तरस रहे हैं। परिवार को एक बाल्टी पानी दिया जा रहा है। नाेएडा प्राधिकरण से मांग करने के बाद भी कोई मदद निवासियोंं को नहीं मिली। निजी स्तर पर पानी का टैंकर मंगवाना पड़ रहा है।
चक्का जाम होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाया, लेकिन आक्रोशित निवासी शांत नहीं हुए। पानी की मांग को लेकर वे अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम भी सोसाइटी निवासियों के बीच पहुंचीं और उन्हें शांत करवाया। साथ ही जल्द से जल्द समस्या को हल करने का भी आश्वासन दिया। इसके बाद पानी की खराब मोटर भी तुरंत ठीक कराई गई।