-एनसीआईआईपीसी-एआईसीटीई के सहयोग से आयोजन
-शनिवार देर रात तक जारी रहा कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) में राष्ट्रीय क्रिटिकल सूचना अवसंरचना संरक्षण केंद्र (एनसीआईआईपीसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के पेंटाथलॉन 2025 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। आईपीयू के द्वारका कैंपस में दो मई से इसकी शुरूआत हुई, यह कार्यक्रम तीन मई को भी जारी रहा।
देश भर से 20, 732 प्रतिभागियों में से 235 छात्रों का चयन इस राष्ट्रीय स्तर की साइबर सुरक्षा पेंटेस्टिंग चुनौती के ग्रैंड फिनाले के लिए किया गया है। एनसीआईआईपीसी, एआईसीटीई और शिक्षा मंत्रालय की नवाचार सेल इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। जिसमें अमृता विश्वविद्यालय प्लेटफॉर्म पार्टनर और गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय वेन्यू पार्टनर हैं। यह ग्रैंड फिनाले शनिवार देर रात संपन्न होगा, जिसमें विजेताओं की घोषणा की जाएगी। विजेता टीमों को पहले, दूसरे और तीसरे स्थान के लिए क्रमश: 2.50 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा शार्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों को इंटर्नशिप की पेशकश की जाएगी और उन्हें राष्ट्रीय पेंटेस्टिंग पूल में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर आईपीयू के कुलपति पद्म श्री प्रो डॉ महेश वर्मा ने कहा कि आज साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय प्राथमिकता है और इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जागरूकता, विशेषज्ञता और नवाचार को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन तरीका है।