लखनऊ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में ई हॉस्पिटल नेक्स्टजेन परियोजना अपडेट हो गई है। इसका फायदा अब मरीजों को मिलेगा। मरीज घर बैठे ही अपना परचा बना सकेंगे। पर्चे का प्रिंट आउट निकालकर सीधे डॉक्टर के कमरे में जाकर परामर्श ले सकेंगे। इससे मरीजों को कतार नहीं लगना होगा। इतना ही नहीं, पैथालॉजी की जांच रिपोर्ट देखकर उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे।
सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2017 से डिजिटल इंडिया के तहत ई-हॉस्पिटल परियोजना चल रही है। इसे अपडेट कर ई-हॉस्पिटल नेक्स्टजेन में बदला गया है। एबीडीएम (आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन) सक्षम एप के तहत अब लोग आभा एड्रेस, स्कैन एवं बारकोड के माध्यम से बिना लाइन लगाए अस्पताल का परचा बनवा सकते हैं। इस प्रक्रिया में मरीज को नाम, उम्र, पिता या पति का नाम व पता नहीं बताना पड़ेगा। मरीज घर बैठे ors.gov.in के माध्यम से अपना अपॉइंटमेंट भी ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। साथ ही ऑनलाइन फीस जमाकर अपना परचा घर से ही प्रिंट करके ला सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जल्द ही अस्पताल की पैथोलॉजी को भी नेक्स्टजन पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे मरीज की जांच रिपोर्ट उसके रजिस्टर्ड मोबाइल पर सीधे मिल सकेगी। मरीज रिपोर्ट का घर बैठे प्रिंटआउट भी निकाल सकेंगे। नई व्यवस्था में काउंटर से मिलने वाले परचे में बदलाव हुआ है। अब परचे पर कमरा नंबर के साथ उस दिन बैठने वाले डॉक्टर का नाम भी दर्ज रहेगा। एबीडीएम के तहत ई-हॉस्पिटल नेक्स्टजन से मरीज का सारा विवरण (डॉक्टर की सलाह, रिपोर्ट्स एवं दवा आदि) दूसरे हॉस्पिटल में भी देखा जा सकेगा।