संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। दिन में तेज धूप और रात में तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गले में खराश, जुकाम, बुखार, खांसी और वायरल संक्रमण जैसी दिक्कतें हो रही हैं। इससे जेवर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सकों का कहना है कि दिन और रात के तापमान में काफी अंतर होने से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। इसके चलते बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक बढ़ गया है।
अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों गले की खराश, नाक बहना, सिर दर्द और हल्के बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। तेज धूप से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीना या आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक जैसी अत्यधिक ठंडी चीजों का सेवन करना गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे संक्रमण और सर्दी-जुकाम की समस्या बढ़ सकती है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि धूप से आने के बाद कुछ समय सामान्य तापमान में रहने के बाद ही पानी पिएं। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें, संतुलित आहार लें।