नोएडा। भंगेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एंटी रेबीज वैक्सीन की सिरिंज मंगलवार को भी नहीं पहुंची। इसकी कमी की वजह से रोजाना करीब 100 मरीजों को जिला अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस साल पांचवीं बार भंगेल में सिरिंज खत्म हुई है। सिरिंज खत्म होने के कारण एंटी रेबीज टीका लगवाने वालों की संख्या जिला अस्पताल में बढ़ गई है।
मंगलवार को 300 से अधिक लोगों ने टीका लगवाया। सीएचसी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि सिरिंज के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। जल्द ही मिलने की उम्मीद है।
जिला अस्पताल में मरीजों को वैक्सीन लगवाने के लिए दो से ढाई घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। लंबा इंतजार करने से गुस्साए लोगों की कई बार नोकझोंक तक हो गई। मरीजों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से बार-बार सिरिंज की कमी हो रही है। उन्होंने मांग की कि तत्काल सिरिंज की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।