- खराब लाइटें उतारने के बाद नई लगाना भूला यमुना प्राधिकरण
-रात होते ही अंधेरे में डूब जाता है समूचा परिसर
-उग आई हैं झाड़ियां, विषैले जीवों का सता रहा डर
पीयूष गौतम
यमुना सिटी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जेवर में रात के समय रोशनी की उचित व्यवस्था न होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगभग दो वर्षों से से अस्पताल परिसर में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे आपातकालीन सेवाओं के लिए रात में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी असुविधा होती है। परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं जिसके कारण मरीजों को विषैले जीवों का भी डर सता रहा है।
दो वर्ष पहले तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जेवर में 14 खंभों पर एलईडी लाइटें लगी हुई थीं, जो रात के समय पूरे परिसर को रोशन करती थीं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक खराब पड़ी लाइटों को दुरूस्त करने आयी यमुना प्राधिकरण की टीम सभी लाइटें उतारकर ले गई। एक साल बीत जाने के बाद भी ये लाइटें दोबारा नहीं लगाई गई। अस्पताल प्रबंधन इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग को कई बार पत्र लिख चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ शर्फे जेया ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में रोशनी की अनुपलब्ध्ता के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है।
बयान 1
बड़ी-बड़ी झाड़ियां व अंधेरे के कारण विषैले जीवों का खतरा बना हुआ है।
- फिरोज, परिजन
बयान 2
परिसर में अंधेरा होने के कारण मोबाइल की लाइट जलाकर चलना पड़ता है।
- साइना, मरीज