नगीना। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इस कारण संक्रमितों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के साथ ही अब जिला नगारिक अस्पताल मांड़ीखेड़ा में भी आक्सीजन सिलिंडर न बदले जाने से संक्रमित मरीज परेशान हैं। मरीजों का कहना है कि उनको बेड से उठकर कहना पड़ रहा है कि सिलिंडर बदल दो साहब...। इस समय जिला नागरिक अस्पताल में कोरोना के 45 मरीज उपचाराधीन हैं। इनमें से कुछ की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है। इस कारण तीमारदारों के चेहरे पर मायूसी साफ देखी जा सकती है।
जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेड बढ़ाने की भी व्यवस्था की जा रही है। लेकिन, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। यहां पर आइसोलेशन वार्ड में 6 और कोरोना मरीजों के लिए 38 बेड हैं। लेकिन, फिलहाल इस अस्पताल में 45 संक्रमित मरीज उपचाराधीन हैं। जिन मरीजों में ऑक्सीजन का लेवल 90 से कम होता है, उनको ही उपचार के लिए यहां पर भर्ती किया जाता है। नाम न छापने की शर्त पर अस्पताल में उपचाराधीन कुछ मरीजों के तीमारदारों ने बताया कि ऑक्सीजन का सिलिंडर खत्म होने पर कोई भी कर्मचारी ध्यान नहीं देता है। कई बार तो उनके मरीजों को ही सिलिंडर बदलने के लिए गुहार लगानी पड़ रही है। वहीं, आरोप है कि डॉक्टर उनके मरीजों को देखने के लिए भी नहीं आते हैं।
कुछ का ऑक्सीजन लेवल पहुंचा 24
मांडीखेड़ा अस्पताल में कुछ मरीजों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। कुछ संक्रमित तो ऐसे हैं, जिनका ऑक्सीजन लेवल 24 पहुंच गया है और वो वेंटिलेटर पर हैं।
स्टाफ का अभाव, ऑक्सीजन की कमी
जिले में संक्रमण बढ़ने के साथ ही जिला नागरिक अस्पताल में भी मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हो रहा है। लेकिन, मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ का अभाव है। अगर स्टाफ और संसाधनों पर ध्यान दिया जाए तो मरीजों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। दूसरी ओर अस्पताल में समय पर ऑक्सीजन भी नहीं मिल रही है।
-----------
संक्रमण बढ़ने के साथ ही अस्पताल में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। यहां पर 45 कोरोना संक्रमित उपचाराधीन हैं। हमारे यहां स्टाफ का भी अभाव है। जितनी ऑक्सीजन मिल रही है, उससे ही मरीजों की पूर्ति की जा रही है। मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए प्रयासरत हैं।
- डॉ. विशाल सिंगला, प्रभारी जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा