- स्काईवॉक में लगेगा ट्रेवलेटर, पूरी तरह वातानुकूलित होता, मेले में आने वाले दर्शकों को मिलेगी सुविधा
नंबर
500 मीटर होगी स्काईवॉक की लंबाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने यात्रियों की सहूलियत के लिए ग्रेटर नोएडा में स्काईवॉक बनाने का फैसला लिया है। यह स्काईवॉक नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन से इंडिया एक्सपो सेंटर व मार्ट के बीच बनाया जाएगा। एक्सपो मार्ट में ट्रेड शो समेत बड़े आयोजन होते रहते हैं जिसमें बड़ी तादाद में लोग पहुंचते हैं। फिलहाल मेट्रो यात्रियों को स्टेशन की सीढ़ियों से उतर कर एक्सपो मार्ट आना-जाना होता है।
प्रस्तावित स्काईवॉक मेट्रो स्टेशन से सीधे एक्सपो मार्ट परिसर तक बनेगा। इसमें ट्रेवलेटर भी होगा जिससे यात्रियों का मेट्रो स्टेशन व एक्सपो मार्ट के बीच आने जाने में खासी सुविधा मिलेगी। स्काईवॉक बनने से मेट्रो के यात्रियों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। स्काईवॉक बनाने का फैसला बृहस्पतिवार को हुई एनएमआरसी की बैठक में लिया गया।
एमडी डॉ. लोकेश एम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एक्वा मेट्रो के यात्रियों की संख्या बढ़ाने के अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक महेंद्र प्रसाद ने स्काईवॉक बनाए जाने के लिए गए फैसले की जानकारी दी। कार्यकारी निदेशक ने बताया कि यह स्काईवॉक करीब 500 मीटर लंबा होगा। स्काईवॉक में यात्रियों की सहूलियत के लिए ट्रेवलेटर लगाया जाएगा। यह पूरी तरह वातानुकूलित होगा। परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार करवाई जाएगी। डीपीआर तैयार करने के लिए जल्द ही एनएमआरसी एजेंसी का चयन करेगा।