36-अयोध्या एयरपोर्ट पर झूमते यात्री।-संवाद
अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को पहली बार आयोजित यात्री सेवा दिवस में यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों को एयरपोर्ट का भ्रमण कराकर उन्हें कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। फोटो बूथ का लोगों के बीच जबर्दस्त क्रेज रहा।
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत आगमन टर्मिनल पर पारंपरिक तिलक कार्यक्रम से हुई, जिसमें आने वाले यात्रियों का स्वागत तिलक और पुष्पमालाओं से किया गया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हवाई अड्डा परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं, आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्री भी उनके साथ झूम उठे। स्थानीय विद्यालयों के कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों को एयरपोर्ट भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें नागरिक उड्डयन क्षेत्र की कार्यप्रणाली की जानकारी मिली।
कॅरियर काउंसलिंग सत्र में विशेषज्ञों ने युवाओं को करियर विकल्पों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने यात्री सेवा, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपनी कला प्रस्तुत की। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें यात्रियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यात्रियों की सुविधा और आनंद के लिए आगमन क्षेत्र में फोटो बूथ लगाया गया, जिसका यात्रियों ने भरपूर आनंद उठाया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी एयरपोर्ट पहुंचकर कार्यक्रम को अपने ब्लॉग्स के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाया।