20 रूटों की 200 से अधिक बसें गुजरती हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। परी चौक से करीब 20 रूटों की 200 से अधिक बसें गुजरती हैं। लिहाजा यहां यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहती है, लेकिन बस का इंतजार करने वाले यूं ही धूप, गर्मी और बरसात में खड़े रहते हैं। हालांकि लंबे समय से यहां बस स्टैंड बनाने की मांग की जा रही है।
परी चौक से कासना बाया सिकंद्राबाद, ग्रेटर नोएडा से नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक से सूरजपुर वाया कुलेसरा से नोएडा की ओर बसें जाती हैं। ग्रेटर नोएडा डिपो के अधिकारी प्राधिकरण से परी चौक पर बस स्टैंड बनाने के लिए स्थान देने की मांग भी कर चुके हैं। बस स्टैंड न होने के कारण सड़क पर ही बसें खड़ी होती हैं।
सड़क पर ही बसों की लंबी लाइन लगने के कारण जाम लग जाता है। जिलाधिकारी को पत्र लिखकर परी चौक पर बस स्टैंड और विश्राम कक्ष बनाने के लिए स्थान दिलाने की मांग की गई थी। सर्दी, गर्मी और बरसात में खुले में यात्री सड़क पर बैठकर बस का इंतजार करते हैं। - अनिल कुमार शर्मा, एआरएम, ग्रेटर नोएडा डिपो