छठ पर्व खत्म होने के बाद लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखकर कॉरिडोर का इस्तेमाल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर काॅरपोरेशन ऑफ इंडिया के ईस्टर्न कॉरिडोर (डीएफसीसीआईएल) पर मंगलवार को पहली बार यात्री ट्रेनों को उतारा गया जो बिहार से दिल्ली व अन्य स्थानों पर जाएंगी। छठ पर्व खत्म होने के बाद भीड़ को देखकर यह निर्णय लिया गया है। फिलहाल, तीन ट्रेनें बिहार से कॉरिडोर पर दादरी तक आएंगी और फिर दादरी में दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर प्रवेश करेंगी। डीएफसीसी ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है।
दरअसल, रेलवे छठ स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। छठ पर्व समाप्त हो चुका है तो बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग वापस दिल्ली-एनसीआर में आने को तैयार हैं। इसके लिए रेलवे ने छठ स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग के अधिक व्यस्त होने के कारण यात्री ट्रेनों को डीएफसीसी के ईस्टर्न कॉरिडोर पर चलाने का फैसला लिया गया है। देश में पहली बार कॉरिडोर पर यात्री ट्रेनें उतरी हैं। छह ट्रेनों का संचालन होगा लेकिन फिलहाल तीन का समय तय हुआ है। एक ट्रेन पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन व दो ट्रेनें दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से देर रात रवाना हुईं। अफसरों ने बताया कि तीनों ट्रेनों प्रयागराज तक दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर आएंगी और वहां से ईस्टर्न कॉरिडोर पर प्रवेश करेंगी। प्रयागराज से ट्रेनें कॉरिडोर पर ग्रेटर नोएडा के दादरी तक आएंगी और यहां फिर दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर प्रवेश करेंगी। यहां से ट्रेनें दिल्ली, राजस्थान तक जाएंगी।
यात्री ट्रेनों का रिकाॅर्ड तैयार करेगा डीएफसीसी
कॉरिडोर पर अब तक केवल मालगाड़ियां दौड़ रही थीं। पहली बार यात्री ट्रेनें दौड़ेंगी। ऐसे में डीएफसीसी इसका रिकॉर्ड तैयार करेगा। इसमें औसत गति से लेकर ट्रैक के झटके, सिग्नल प्रतिक्रिया और लोको प्रदर्शन के आंकड़े शामिल होंगे। इसके माध्यम से यात्री संचालन को परखा जाएगा। पता चलेगा कि यात्री ट्रेनों के लिए कॉरिडोर कितना सुरक्षित और उपयुक्त है। अगर परिणाम अच्छा रहा तो कॉरिडोर पर भविष्य में यात्री ट्रेनें दौड़ती दिखेंगी।
-
बिहार से कुछ ट्रेनें डीएफसीसी के ईस्टर्न कॉरिडोर पर आएंगी जो दादरी में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर प्रवेश करेंगी। लोगों को समय से घर पहुंचाने के मकसद से ट्रेनों को कॉरिडोर से लाया जा रहा है। हालांकि, दादरी में इनका ठहराव नहीं है। -
हेमंत कुमार, अधीक्षक, दादरी रेलवे स्टेशन