परी चौक होगा जाम मुक्त, शहर का यातायात होगा दुरुस्त
ग्रेटर नोएडा। परी चौक को जाम मुक्त करने और ग्रेटर नोएडा जोन की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजना तैयार कर ली है। नॉलेज पार्क स्थित डीसीपी ग्रेनो जोन राजेश कुुमार सिंह के कार्यालय में एआरएम, एआरटीओ आदि ने मंथन कर बिंदुवार खाका तैयार किया। खास बात यह है कि बृहस्पतिवार से यह योजना लागू भी कर दी गई है। योजना के मुताबिक, अब ग्रेटर नोएडा से चलकर अलीगढ़, मथुरा, आगरा की तरफ जाने वाली बसें परी चौक न रुककर पी-3 गोल चक्कर से पहले बने बस स्टैंड पर रुकेंगी। फिर सवारियां लेकर पी-3 गोल चक्कर से यथार्थ हॉस्पिटल के सामने वाली रोड से होते हुए जीरो प्वाइंट पहुंचेंगी। ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर जाने वाली सिटी बसें पी-3 गोल चक्कर और परी चौक के मध्य स्थित बस स्टॉप पर ही रुकेंगी और यहीं से रवाना होंगी। जो सिटी बसें नोएडा से परी चौक की तरफ आएंगी उन बसों का स्टॉपेज परी चौक नहीं बल्कि अल्फा गोल चक्कर के आगे स्थित बस स्टॉप होगा। यहीं से ये बसें सवारियों को उतारेंगी और बैठाएंगी और उससे आगे टी प्वाइंट से यूटर्न लेकर पी-3 गोल चक्कर व परी चौक के बीच बने बस स्टैंड पर सवारियां उतारेंगी और बैठाएंगी।
बाहरी ऑटो पर पूरी तरह से रोक
ग्रेटर नोएडा जोन में अब दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर के रजिस्ट्रेशन वाले वाले ऑटो रिक्शा पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगे। पकड़े जाने पर उन्हें सीज किया जाएगा। पहले दिन 30 ऑटो को जब्त भी किया गया है। परी चौक से नोएडा की तरफ केवल वही ऑटो आ-जा सकेंगे जिन पर एनसीआर का परमिट होगा। सूरजपुर, कासना, दादरी को केंद्र मानते हुए जिन ऑटो रिक्शा को एआरटीओ विभाग द्वारा परमिट दिया गया है वह अपने केंद्र बिंदु से 16 किलोमीटर दूरी तक ही जा सकेंगे। उसके अन्यत्र पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी ।
प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई
सूरजपुर, कासना और दादरी से चलने वाले ऑटो पर क्रमश: 1,2,3 लिखा जाएगा। ताकि घटना होने पर जनता को गाड़ी नंबर याद रहे। जो वाहन नियमानुसार रोड पर नहीं चल सकते तथा पुरानी होने के कारण प्रदूषण फैलाते हैं उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। यह व्यवस्था लागू कराने हेतु एआरटीओ व पुलिस की टीम संयुक्त अभियान चलाएगी। यदि व्यवस्था में सफलता प्राप्त होती है तो उपरोक्त व्यवस्था को स्थायी रूप से लागू किया जाएगा ।