नूंह। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के उप नेता और नूंह विधायक आफताब अहमद ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस मुख्यालय पर किसान आंदोलन के समर्थन में पंचायत की। उन्होंने कहा कि आंदोलन को उनका समर्थन जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा पर साजिश रचकर आंदोलन को बदनाम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने किसान नेताओं के खिलाफ सरकार द्वारा दर्ज मुकदमों की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करने का सभी को हक है। पिछले दो महीनों से किसान शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार आंदोलन को खत्म करने की साजिश रच रही है। किसान नेता राकेश टिकैत का समर्थन करते हुए कहा कि ये लड़ाई पूरे देश की लड़ाई है, जो सबको मिलकर लड़नी पड़ेगी। इस मौके पर पीसीसी सदस्य महताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस सरकार में हर व्यक्ति को अपने लोकतांत्रिक अधिकार थे। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद कंकर खेड़ी भी मौजूद रहे।