- पांच माह पहले शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप, अंडरटेकिंग पर हस्ताक्षर कराने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के चार इंटर कॉलेजों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने सात-आठ माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। कर्मचारियों का आरोप है कि पांच माह पहले शिकायत करने के बावजूद अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार ई-मेल और लिखित शिकायतें भेजी जा चुकी हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की फीस, घर का राशन, दवाइयों और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन की ओर से दबाव बनाकर अंडरटेकिंग पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं, ताकि वे उच्च अधिकारियों से शिकायत न करें। कर्मचारियों ने इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
कर्मचारियों ने यह भी मांग की है कि शिकायत करने के कारण किसी भी कर्मचारी को प्रताड़ित न किया जाए और न ही उसकी सेवा समाप्त की जाए। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से उनके परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बकाया वेतन का भुगतान कराने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
यह शिकायत महामाया बालिका इंटर कॉलेज, पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज और गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की ओर से की गई है।
पंचशील बालक इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीरज टंडन ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए प्रयास किए गए हैं। कुछ महीनों का वेतन दिया भी गया है। शेष वेतन के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है।