जिम्स प्रशासन का दावा-अस्पताल में पहले की तरह व्यवस्थाएं सुचारु रूप से शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में मंगलवार से ओटी की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। जिम्स प्रशासन का दावा है कि अस्पताल में पहले की तरह व्यवस्थाएं सुचारु रूप से शुरू हो चुकी हैं। अब तक सर्जरी नहीं शुरू नहीं हो सकी थीं, लेकिन अब सर्जरी भी शुरू हो जाएंगी। सबसे पहले गंभीर मरीजों की सर्जरी होगी।
15 जून से पहले हर दिन 40 से 50 सर्जरी अस्पताल में हुआ करती थीं। हड़ताल के कारण पिछले 10 दिनों में 500 से अधिक सर्जरी प्रभावित हुईं। वहीं सोमवार को सभी ओपीडी बिना पुलिस के पहरे से संचालित हुईं। इस दौरान सुबह से ही परिसर में मरीजों की भीड़ दिखाई दी। जिम्स निदेशक डॉ बिग्रेडियर राकेश गुप्ता ने सोमवार को हड़ताल पर गए कर्मचारियों से वापस काम पर आने की अपील की। बता दें कि जिम्स में 15 जून को आउटसोर्स के कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठ गए थे। सोमवार को करीब 1300 मरीजों को ओपीडी हुई। पहले की तरह ही अस्पताल में भीड़ उमड़ी।
निदेशक ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता ने बताया कि लगातार आउटसोर्स कर्मचारी से काम पर वापस लौटने की अपील की जा रही है। हालांकि अस्पताल प्रशासन स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सजग है। सारी ओपीडी सुचारू रूप से चल रही है। सभी प्रकार की जांचें भी शुरू हो गई हैं। हर दिन 250 से लेकर 300 जांचें की जा रही हैं। बिलासपुर से आए मरीज राकेश ने बताया कि ओपीडी में दिखाने के लिए आया था। पहले की तरह ही सभी सुविधाएं मिल रही हैं। पर्चा बनवाने में पहले समय लग जाता था, लेकिन अब आसाम से बन गया। पर्चा काउंटर पर भी कई लोग बिठा दिए गए हैं।
सुरक्षाकर्मियों को भी मिलेगा अवकाश, सैलरी में बढ़ोतरी
एजेंसी के माध्यम से जिम्स में तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी अब अवकाश मिलेगा। इसके साथ ही उनकी सैलरी में भी करीब तीन हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सुरक्षाकर्मियों की मांग अमर उजाला ने निदेशक के सामने रखी थी। सुरक्षाकर्मियों ने अमर उजाला को बताया था कि उन्हें पूरे महीने ड्यूटी करनी पड़ती है, जबकि नए श्रमिक कानून के तहत हर किसी को महीने में चार अवकाश देने की बात कही गई थी, लेकिन उन्हें अवकाश नहीं दिया जा रहा था। उनकी बात जिम्मेदार तक पहुंचने पर अब उन्हें भी अवकाश देने की घोषणा की गई है।