नई दिल्ली। वसंत विहार इलाके में डलाबघर से कूड़ा न उठने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को निर्देश दिया कि मामले पर उचित कार्रवाई करे।
एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली पीठ ने आवेदनकर्ता को निर्देश दिया कि वह मामले से जुड़ी शिकायत एमसीडी आयुक्त के समक्ष पेश करे। एमसीडी आयुक्त को निर्देश दिया कि चार सप्ताह के अंदर उचित कार्रवाई करें। आवेदनकर्ता रेनू कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके घर के बाहर स्थित डलाबघर में कूड़ा ओवरफ्लो हो रहा है। पहले यहां पर चार डलाबघर थे और इनमें से तीन बंद हो चुके हैं। इसके चलते अब पूरे वार्ड का कूड़ा उनके घर के बाहर वाले डलाब में डाला जा रहा है। इसके कारण बदबू हो रही है और हानिकारक पदार्थों के कारण बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर खतरा है। उन्होंने कहा कि वह कैंसर की मरीज हैं और उन्हें इससे अधिक परेशानी हो रही है। संवाद