- सर्विस रोड पर मिट्टी डालने के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की ओर से 60 मीटर सर्विस रोड पर रात के समय मिट्टी डलवाने के विरोध में सोमवार को दयानतपुर गांव के किसानों ने प्रदर्शन किया। किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने धरना देकर प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों के अनुसार, वे पिछले कई दिनों से 7 प्रतिशत आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और 60 मीटर सर्विस रोड से प्रभावित आबादी के बदले आबादी दिए जाने की मांग कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि रविवार रात करीब नौ बजे प्राधिकरण के अधिकारियों ने सर्विस रोड पर कब्जा लेने की नीयत से डंपर के जरिये मिट्टी डलवाई।
इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। किसानों ने दयानतपुर सीमा से मिट्टी हटाकर करौली सीमा तक कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मांगों का समाधान किए बिना इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना :
किसानों ने चेतावनी दी कि रात के समय इस तरह का कोई भी कार्य दोबारा किया गया तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों की होगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान राकेश कुमार, वीरपाल, राधे श्याम, नेकराम और रजनी सिंह समेत कई किसान मौजूद रहे।