5, 10 और 15 जुलाई को लांच होंगी योजनाएं, मेडिकल डिवाइस में साक्षात्कार से आवंटन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण जुलाई में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग वर्ग के लिए भूखंड योजना लांच करेगा। अधिकारियों के मंथन के बाद तिथियां भी तय कर दी गई हैं। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि योजनाओं से 3,700 करोड़ रुपये का राजस्व 30 सितंबर तक प्राप्त होगा।
यीडा की ओर से 5 जुलाई को मेडिकल डिवाइस पार्क और आवासीय भूखंड योजना लाई जाएगी। इसमें मेडिकल डिवाइस पार्क में 27 भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार से होगा। आवंटन हासिल करने वाली कंपनी अगले उस वर्षों तक जमीन नहीं बेच सकेगी। आवासीय योजना में यमुना सिटी के सेक्टर 18, 20 और 24 में 700 भूखंडों का आवंटन होगा। इनका क्षेत्रफल 300 से 4000 वर्गमीटर तक होगा। इनमें 112 वर्गमीटर, 162 वर्गमीटर और 200 वर्गमीटर के भूखंड भी शामिल किए गए हैं। आवंटन प्रक्रिया लकी ड्रॉ से होगी। आवेदकों को भुगतान के अलग-अलग विकल्प दिए जाएंगे। 10 जुलाई को 25-25 एकड़ की पांच ग्रुप हाउसिंग स्कीम लाई जाएंगी। यमुना सिटी के सेक्टर-22डी के इन भूखंडों का आवंटन बोली के आधार पर होगा। साथ ही कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए 50 भूखंडों की योजना घोषित होगी। सेक्टर-18 व 20 में 12 नर्सिंग होम और पांच अस्पताल बनाने के लिए भूखंड आवंटित किए जाएंगे। साथ ही, ओल्ड एज होम, धार्मिक गतिविधि सहित अन्य गतिविधियों के भूखंडों का आवंटन होगा। 15 जुलाई को होटल के लिए भूखंड आंवटन किए जाएंगे।