- नोएडा इंडोर स्टेडियम में तीसरी बार होगी राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन गेमिंग प्रतियोगिता, 8 अगस्त को जुटेंगे देशभर के 64 खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। शहर के नोएडा स्टेडियम में तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन गेमिंग प्रतियोगिता होगी। इसमें देशभर से बीजीएमआई के 64 खिलाड़ी मुकाबला करेंगे। सेक्टर 21ए स्थित इंडोर स्टेडियम में 8 अगस्त से प्रतियोगिता शुरू होगी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अलग- अलग श्रेणियों में मुकाबले होंगे। अंत में जीतने वाले को इनामी धनराशि प्रदान की जाएगी। इससे पहले इसी साल 31 जनवरी को ऑनलाइन खेल का फाइनल इसी इंडोर स्टेडियम में खेला गया था।
यह तीसरी बार होगा जब कोई राष्ट्रीय स्तर का ऑनलाइन खेल नोएडा इंडोर स्टेडियम में होगा। स्टेडियम प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पांच अगस्त से इसके लिए मंच बनाए जाएंगे। यहां शहर के खेल प्रेमियों के लिए भी बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ऑनलाइन खेल का लाइव प्रसारण देखने की इंतजाम किए जाएंगे।
पिछली बार लेजर शो ने लगाए थे चार चांद, इस बार भी उम्मीद
जनवरी के अंत में हुए आयोजन के दौरान इंडोर स्टेडियम में आयोजकों द्वारा प्रवेश द्वार से लेकर मंच को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया था। साथ ही लेजर शो आयोजित किए गए थे। इस बार भी उम्मीद जताई जा रही है कि लेजर शो से युक्त रंग बिरंगी लाइटों से इंडोर स्टेडियम और मंच जगमगाएगा।
ऑनलाइन गेम में तेजी से बढ़ रही लोगों की दिलचस्पी
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की ऑनलाइन रिच खासी ज्यादा है। आयोजकों का दावा है कि सभी 64 खिलाड़ियों को लाइव मैच देखने वालों की संख्या अलग अलग प्लेटफॉर्म में लाखों में होती है।