पुन्हाना। सुनहेड़ा बॉर्डर पर मेवाती किसान मोर्चा के बेनर तलेे चल रहा धरना बृहस्पतिवार को 59वें दिन जारी रहा। इस दौरान अलवर सहित अन्य क्षेत्रों से किसानों ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया। किसान नेताओं ने कहा एक दिन सरकार का घमंड जरूर टूटेगा और तीनों कानून वापस होंगे। दिल्ली के चारों तरफ लाखों किसान धरने पर बैठे हैं, लेकिन पहली बार केंद्र में इतनी हठधर्मी सरकार देखी है।
अलवर से आए शिफात, सूरजमल कर्दम ने कहा कि सरकार को यह घमंड हो गया है कि उसके पास बहुमत है। ये बहुमत भी देश के किसानों ने ही दिया है। समय आने पर देश का किसान सरकार को दिखा देगा कि ताकतवर कौन हैं। जब तक सरकार तीनों कानूनों को वापस नहीं लेती है, तब तक पूरे देश में धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर मुफ्ती सलीम कासमी, बुरहान हुसैन, कारी नसीम पापड़ा, गफूर खां मन्नाका, रसीद अहमद, समय सिंह, मुबारिक, तौफीक, अमरु पहलवान, सहनाज आदि मौजूद रहे।