ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में आम्रपाली वेरोना हाइट्स के प्रोजेक्ट में मजदूरी करने वाले परिवार की डेढ़ वर्षीय बच्ची सोमवार रात 8 बजे संदिग्ध हालात में लापता हो गई। 18 घंटे बाद मंगलवार दोपहर 2 बजे वह कीचड़ से भरे गड्ढे में मिली। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने मासूम को अगवा किया था। वहीं, पुलिस का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले युवक बच्ची को अपने साथ ले गए थे, पहले भी उसे खिलाते थे। बच्ची सो गई तो आरोपी उसे घर छोड़ना भूल गए थे। एसीपी योगेंद्र सिंह ने बताया कि जिन युवकों पर आरोप लगाया गया है वह पहले भी बच्ची को खिलाने के लिए ले जाते थे। युवकों ने बताया है कि बच्ची सो गई थी और वह शराब पीने लगे थे। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ग्रेनो वेस्ट निवासी समाजसेवी अनीता प्रजापति ने बताया कि मूलरूप से छत्तीसगढ़ निवासी दंपती आम्रपाली वेरोना हाइट्स के प्रोजेक्ट में 3 दिन से मजदूरी कर रहे हैं। दंपती के 5 साल का बेटा और करीब डेढ़ साल की बेटी है। परिवार प्रोजेक्ट में बनी झोपड़ी में ही रहता है। सोमवार रात करीब 8 बजे पड़ोस की झुग्गी में रहने वाले 5 युवक शराब पी रहे थे। इस एक युवक बच्ची को उठाकर ले गया। जब पीड़ित परिवार ने पूछताछ की तो इन लोगों से बताया कि बच्ची घर चली गई। पड़ोसी और प्रोजेक्ट के सुरक्षाकर्मी मासूम की तलाश में जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्ची को सोमवार रात तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। वहीं, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे कीचड़ से भरे गड्ढे में एक दूधिया को बच्ची रोती हुई दिखाई दी। इसके बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दी।