मेरठ में बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपी ललित का आवासीय मकान जब्त करती पुलिस।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपियों पर पुलिस लगातार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मेरठ के मवाना के सैदीपुर गांव निवासी ललित कुुमार का डेढ़ करोड़ का मकान जब्त किया है। वहीं, मेरठ पहुंचकर कासना थाना प्रभारी संतोष शुक्ला की टीम ने आरोपी सामर्थ्य जैन की 1.38 करोड़ की आवासीय संपत्ति भी जब्त करने का नोटिस दिया है।
दादरी कोतवाली में दर्ज 100 से अधिक मामलों में पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक केस में गैंग लीडर बनाए गए मवाना निवासी ललित की संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया था। शनिवार को पुलिस ने मेरठ के राधा गार्डन स्थित 243.87 वर्ग मीटर के मकान को जब्त कर लिया। वहीं, सामर्थ्य जैन के भूखंड पर चल रहे रेस्तरा को भी खाली करने का नोटिस दिया गया है। जल्द इसे भी जब्त किया जाएगा।
मुख्य दफ्तर पर नोकझोंक का वीडियो वायरल
दादरी के कोट गांव स्थित बाइक बोट के दफ्तर पर धरना दे रहे निवेशकों और कुछ लोगों की नोकझोंक का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मुन्ना बालियान ने बताया कि वह अन्य साथियों के साथ एक जून 2019 से धरना दे रहे हैं। वह लगातार आरोपियों पर कार्रवाई, उनकी संपत्ति जब्त करने व मुख्य दफ्तर को सीज करने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद दफ्तर को बेचने की साजिश रची जा रही है। शनिवार को भी दफ्तर को खरीदने के लिए कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे, जिनसे नोकझोंक हुई। धरना देने वाले निवेशकों के साथ भी अनहोनी हो सकती है। अगर ऐसा कुछ होता है, तो इसके लिए बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपी जिम्मेदार होंगे।