नोएडा। यूट्यूबर गौरव तनेजा को नोएडा में धारा-144 का उल्लंघन करना भारी पड़ गया। एक्वा लाइन मेट्रो के कोच में पत्नी रितू के साथ अपना 36वां जन्मदिन मनाने पहुंचे गौरव को पुलिस ने शनिवार दोपहर एक बजे गिरफ्तार कर लिया। थाना सेक्टर-49 में उनके खिलाफ अव्यवस्था फैलानेे के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
यूट्यूूबर ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट करते हुए बताया था कि वे जन्मदिन मनाने के लिए सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर आने वाले हैं। उन्होंने कोच बुक किया है। यहां पर उन्होंने फॉलोवर्स को मिलने के लिए बुलाया था। दोपहर में जब वह मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे तो पहले से ही सैकड़ों फॉलोवर्स मौजूद थे। इसके अलावा सड़क पर भी भीड़ जुटने से जाम लग गया था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और धारा-144 का उल्लंघन करने पर गौरव को गिरफ्तार कर लिया।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि गौरव ने पुलिस को पूर्व में कोई सूचना नहीं दी थी। जिले में फिलहाल किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच से अधिक लोगों को खड़े होने और भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं है।
घंटों इंतजार के बाद लौटे युवा
दोपहर 12 बजे से युवा मेट्रो स्टेशन पर जुटने लगे थे। देखते ही देखते जन्मदिन के तोहफे लेकर पहुंचने वाले फॉलोवर्स की तादाद सैकड़ों में पहुंच गई। इससे दोपहर ढाई बजे तक मेट्रो स्टेशन के नीचे जाम के हालात रहे। गौरव की पत्नी ने 200 लोगों को एंट्री कूपन भी बांटे थे। मेट्रो स्टेशन पर कार्यक्रम रद्द होने की सूचना प्रसारित होने के बाद युवाओं को मायूस लौटना पड़ा।
एनएमआरसी ने 200 लोगों की दी थी इजाजत
नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) की मुख्य प्रवक्ता निशा वधावन ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 200 लोगों को मेट्रो कोच में जाने की इजाजत दी गई थी। मेट्रो में जन्मदिन आदि छोटे कार्यक्रम मनाने की सुविधा कुछ माह पहले ही शुरू की गई है। बुकिंग के लिए 80 हजार रुपये तक देने होते हैं।
यात्रियों को हुई परेशानी
स्टेशन पर भीड़ इतनी ज्यादा थी कि यात्रा कर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टिकट काउंटर और स्टेशन परिसर में ज्यादा संख्या में लोग पहुंच गए। सुरक्षा जांच कराने वाले स्थान पर कतारें लगी रहीं।
7.57 मिलियन फॉलोवर्स हैं
मूलरूप से कानपुर निवासी पेशे से पायलट गौरव तनेजा दिल्ली में रहते हैं। यूट्यूब पर उनका द फ्लाइंग बीस्ट नाम से चैनल है। उनके 7.57 मिलियन फॉलोवर्स हैं। वह बॉडी बिल्डिंग व फैशन से जुड़े टिप्स लोगों को देते रहते हैं। वह रोजाना की गतिविधियों से जुड़ी चीजें शेयर करते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके तीन मिलियन फॉलोवर्स हैं। उनकी पत्नी भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं।