दिल्ली सरकार ने पीएम के जन्मदिन को उत्साह, सम्मान और त्याग के संदेश के साथ मनाया
-
1157 यूनिट रक्त एकत्र किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को हजारों लोगों के साथ उत्साह, सम्मान और त्याग के संदेश के साथ मनाया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल के साथ कर्तव्य पथ पर सेवा संकल्प यात्रा निकाली। साथ ही, मेगा रक्तदान शिविर लगाया गया। इस दौरान रिकॉर्ड 1157 यूनिट रक्त एकत्र हुआ।
मुख्यमंत्री ने कर्तव्य पथ पर दिल्लीवासियों को उन योजनाओं से परिचित कराया जो पीएम के माध्यम से दिल्ली को मिली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम राजधानी का विशेष ध्यान रख रहे हैं। बीते 11 साल में पीएम ने दिल्ली के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये की लागत से बने हाईवे और एक्सप्रेसवे दिए। साथ ही, यूईआर-1 व 2 जैसी परियोजनाएं शुरू कीं। ये दिल्ली के प्रदूषण को कम करेंगी। केंद्र सरकार ने 400 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया। इससे दिल्ली के परिवहन को गति मिली है। दिल्ली के सांसद, कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्षद, भाजपा नेता व कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
1731 अनधिकृत कॉलोनियों को मालिकाना हक
मुख्यमंत्री ने लोगों को जानकारी दी पीएम ने 1731 अनधिकृत कॉलोनियों को मालिकाना हक, 68 लाख जन-धन खाते, शिक्षा अभियान के तहत 2500 करोड़ रुपये, लाखों घरों को नल से जल की सुविधा, 1100 आयुष्मान मंदिर, स्वास्थ्य के लिए 2700 करोड़ रुपये और 30,000 करोड़ रुपये की लागत से आरआरटीएस जैसी विशेष रेल योजना उपहार में दी। कोविड के दौर में दिल्ली को हर सुविधा दी। यमुना की सफाई के लिए करोड़ों रुपये, स्वच्छता अभियान में सहयोग, कूड़े के पहाड़ हटाने की योजना और जीएसटी व इनकम टैक्स छूट जैसी सुविधाएं मिलीं। दिल्ली को यशोभूमि, भारत मंडपम जैसे वैश्विक स्तर के ऑडिटोरियम दिए, बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की परिनिर्वाण स्थली को स्मारक में परिवर्तित किया और पंचतीर्थ स्थल का निर्माण कराया। मुख्यमंत्री ने हजारों युवाओं की उपस्थिति में थैंक यू मोदी का नारा दिया और कहा कि पहले जो राजपथ सत्ता का मार्ग कहलाता था। वह अब पीएम के विजन से कर्तव्य पथ बन गया है।
सीएम ने किया रक्तदान, बना रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने भी मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ रक्तदान किया। इसमें 1157 यूनिट रक्त एकत्र हुआ जो रिकॉर्ड है। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले एक ही स्थल पर अधिकतम 350 यूनिट रक्तदान हुआ है। रक्तदान के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके खून की हर बूंद देश के नाम है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य और सेल्फी
कर्तव्य पथ पर दिल्ली की सांस्कृतिक धरोहर की झलक दिखी। कलाकारों ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने लोकनृत्य में भाग लेकर कलाकारों का मनोबल बढ़ाया। लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।