गौरीफंटा के कजरिया में बैठक के बाद पिलर का जायजा लेते दोनों देशों के अधिकारी। स्रोत : एसएसबी
पलियाकलां। 39वीं वाहिनी एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट माधव चंद्र घोष के निर्देश पर कजरिया में भारत-नेपाल के अधिकारियों की समन्वयक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा के पिलरों तक जाकर संयुक्त पेट्रोलिंग भी की।
बैठक में सीमा पर स्थित पिलरों की मरम्मत कार्य एवं उनमें सुधार को लेकर सबसे पहले चर्चा हुई। इसमें दोनों देशों के अधिकारियों ने सहयोग करने की बात भी कही। इसके अलावा अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करने और उसका संयुक्त रूप से समाधान करने के प्रयास पर भी वार्ता हुई। सुरक्षा, समन्वय व सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी सहयोग बनाए रखने और नियमित इस तरह की बैठकों का आयोजन कर दोनों देशों बीच बेहतर सामंजस्य बैठाए रखने की बात कही। बैठक में भारत की ओर से गौरीफंटा सहायक कमांडेंट बिशन दास के साथ ही नेपाल की ओर से सीडीओ हीरालाल, एसपी एपीएफ सुरेंद्र राज रंजीत, एसपी नेपाल पुलिस नरेंद्र चंद्र, वार्ड नंबर नौ अध्यक्ष प्रेम बहादुर भंडारी, एपीएफ इंस्पेक्टर तेज बहादुर बोहरा समेत अन्य भारत व नेपाल के अधिकारी मौजूद रहे।