नई व्यवस्था लागू होने के दो सप्ताह बाद भी नहीं दूर हो रहीं उपभोक्ताओं की परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी/जेवर। बिलों में त्रुटि सुधार के लिए विद्युत उपकेंद्र पहुंच रहे उपभोक्ताओं की समस्याएं दो सप्ताह बाद भी हल नहीं हो पा रही हैं। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड की नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं की अधिकारियों तक सीधी पहुंच नहीं बन पा रही, जिसके कारण शिकायतें लंबित हैं।
बिजली विभाग ने कार्यों को तकनीकी और वाणिज्यिक श्रेणी में विभाजित किया है, लेकिन जेवर स्थित उपकेंद्रों पर इसकी स्पष्ट जानकारी न होने से उपभोक्ता भटक रहे हैं। कई लोग हेल्प डेस्क तक पहुंच तो रहे हैं, परंतु निर्धारित प्रक्रिया स्पष्ट न होने से उनकी शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पा रहा। उपभोक्ता यह तय नहीं कर पा रहे कि अपनी समस्या किस श्रेणी या अधिकारी के पास ले जानी है।
-
जन-जागरूकता की आवश्यकता
स्थानीय लोगों का कहना है कि नई प्रणाली लागू होने के बावजूद इससे जुड़े दिशा-निर्देश गांवों और कस्बों तक नहीं पहुंचे। मीटर, बिलिंग और लाइन फॉल्ट जैसी शिकायतों को किस श्रेणी में दर्ज कराना है, इस बारे में उपभोक्ता असमंजस में हैं। लोगों का कहना है कि विभाग को फील्ड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर नई व्यवस्था की जानकारी देनी चाहिए।