यूपी दिवस पर मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी में जुटे अधिकारी
नोएडा। यूपी दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा आगमन को लेकर पुलिस, प्रशासन व प्राधिकरण के अधिकारी तैयारी में जुटे हैं। रविवार को अधिकारियों ने नोएडा हाट का निरीक्षण किया। प्राधिकरण की एसीईओ नेहा शर्मा एवं डीसीपी वृंदा शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
24 से 26 जनवरी तक जनपद में भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम होने जा रहा है। मौके पर मुख्यमंत्री के आने की प्रबल संभावना है। आयोजन के लिए सेक्टर-33 स्थित नोएडा हाट का चयन किया गया है। कार्यक्रम में तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों के औद्योगिक विकास एवं अन्य परियोजनाओं की झलकियां पेश की जाएंगी। शहर से निकलने वाले कचरे को किस तरह उपयोग में लाया जा सकता है, इसके लिए नोएडा प्राधिकरण की तरफ से कचरे से सांची स्तूप, बनारस घाट, आगरा के ताजमहल जैसी कई आकृतियां बनवाई जा रही हैं। निरीक्षण में यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी संतोष उपाध्याय, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी हेमंत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी एसबी सिंह आदि मौजूद रहे।