ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी ग्रीन मिक्सन सोसायटी की 11वीं मंजिल से गिरकर बृहस्पतिवार रात एनपीसीएल के एक कर्मचारी की मौत हो गई। वह सोसायटी निवासी एक दोस्त से मिलने आया था।
पुलिस पूछताछ में दोस्त ने जानकारी दी कि कर्मी बाथरूम से नीचे झांक रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से गिर पड़ा। वहीं, परिजन हत्या का शक जता रहे हैं। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से पश्चिम बंगाल का निवासी सुरजीत (35) सेक्टर डेल्टा-1 में किराये के मकान में रहता था। वह ग्रेटर नोएडा स्थित एनपीसीएल कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस के मुताबिक, वह कंपनी में काम करने वाले दोस्त से मिलने सेक्टर जीटा-1 स्थित महालक्ष्मी ग्रीन मिक्सन सोसायटी में गया था। घटना के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरजीत के दोस्त व परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।