ग्रेनो में बिजली आपूर्ति करने के साथ कंपनी ने शुरू की प्रशिक्षण देने की पहल
ग्रेटर नोएडा। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने क्षेत्र के गांवों के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रशिक्षण देने की पहल शुरू की है। पहले व दूसरे चरण में कंपनी 348 युवाओं को नौकरी दिला चुकी है। अब तीसरे चरण में प्रोजेक्ट समक्ष के तहत कंपनी की ओर से 25 गांव के 300 युवाओं को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है।
एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने बताया कि बेरोजगार युवाओं को चार ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें असिस्टेंट इलेक्टि्रशियन, असिस्टेंट ब्यूटी थेरेपिस्ट, घरेलू एंटी ऑपरेटर और होम हेल्थ एड शामिल है। इसके लिए 8वीं से लेकर 12वीं पास होना जरुरी है। तीसरे चरण में 25 गांव के 300 युवाओं को चिन्हित किया जाएगा। अभी तक 110 युवाओं का चयन हो चुका है। इनमें 78 महिलाएं और 32 पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण चार माह का होगा। बुधवार को सुनपुरा गांव स्थित बीबीएस इंटर कॉलेज में इसकी शुरूआत हुई जिन 25 गांवों से युवाओं को लिया जा रहा है, उनमें वैदपुरा, भोला रावल, खोदना खुर्द, भनौता, सुनपुरा, सैनी, खोदना कला, कैलाशपुर, इमालियाका, कनारसी, जुनैदपुर, नवादा आदि शामिल हैं।