दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला और आईईसी गतिविधि का सफलतापूर्वक समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) और राहगिरी फाउंडेशन के सहयोग से फरीदाबाद और गुरुग्राम में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला और आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) गतिविधि का सफलतापूर्वक समापन किया। एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए महत्वपूर्ण पहल के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
यह कार्यक्रम दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, नोएडा, ग्रेनो, गाजियाबाद, भिवाड़ी और नीमराणा में टिकाऊ सड़क डिजाइन और धूल नियंत्रण प्रथाओं को बढ़ावा देने वाली कार्यशालाओं की शृंखला का चौथा आयोजन था। पहले दिन फरीदाबाद के हुडा ऑडिटोरियम और कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यशाला में सरकारी अधिकारियों, इंजीनियरों और हितधारकों ने भाग लिया। इस दौरान टिकाऊ सड़क डिजाइन, धूल नियंत्रण उपायों और स्वच्छ, सुरक्षित सड़कों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने पर तकनीकी सत्र व व्यावहारिक अभ्यास आयोजित किए गए। सीएक्यूएम ने अपनी संसाधन प्रयोगशाला के महत्व पर जोर देते हुए धूल मुक्त सड़कों के विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। दूसरे दिन गुरुग्राम के सेक्टर-18 में सनथ रोड पर आईईसी गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें कला प्रदर्शन, वायु प्रदूषण निवारण खेल और हरियाणा की पहली मॉडल स्ट्रीट का प्रदर्शन शामिल था। यह मॉडल स्ट्रीट एनसीआर में सड़कों के पुनर्विकास के लिए एक आदर्श उदाहरण है जिसमें पैदल और साइकिल पथ, व्यापक पौधरोपण, बायोस्वेल, वर्षा जल संग्रहण और महिला सुरक्षा जैसे तत्व शामिल हैं।