निवासियों का आरोप, सोसाइटी का करीब तीन करोड़ रुपये बकाया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन माईवुड्स सोसाइटी का बिजली का बिल नहीं जमा होने पर एनपीसीएल ने बिजली काट दी। निवासियों का आरोप है कि पिछले पांच दिनों में दूसरी बार बिजली काट दी गई है। सोसाइटी का करीब तीन करोड़ रुपये का बिजली का बिल बकाया है। आरोप है कि 31 टावर में रहने वाले 15 हजार से अधिक निवासी परेशान हैं। उनका कहना है कि समय से मेंटेनेंस देने के बाद भी बिजली का बिल नहीं जमा किया जा रहा है।
निवासी नीरज ने बताया कि शुक्रवार को करीब एक बजे से एनपीसीएल की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। डीजी से सप्लाई दी जा रही है। परिसर में डीजी के नाम पर मोटी रकम वसूल की जा रही है। वे भी लोड अधिक होने पर ठप हो जाता है। उन्होंने बताया कि बिल्डर की नाकामी का खामियाजा निवासियों को झेलना पड़ रहा है।
-
सुपरटेक इकोविलेज में भी बिजली गुल
सुपरटेक इकोविलेज दो में शुक्रवार शाम चार बजे से एनपीसीएल की सप्लाई बाधित होने से निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निवासियों ने बताया कि रात 10 बजे तक भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। कई निवासियों ने डीजी सेट की सुविधा नहीं ली है। उनके घर इनवर्टर है। दो घंटे बाद इनवर्टर ने भी काम करना बंद कर दिया। जिसके कारण उन्हें अंधेरे में रहना पड़ा।