कार्गो वाहनों के लिए बन रहा विशेष मार्ग, अप्रैल-2026 तक तैयार करने का लक्ष्य
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्गो से मालवाहक वाहन अब सीधे और कम समय में यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे। एयरपोर्ट से एक्सप्रेसवे तक छह लेन की सड़क का निर्माण तेजी से चल रहा है। यह सड़क केवल मालवाहक वाहनों के लिए उपयोग में लाई जाएगी, ताकि भारी ट्रैफिक यात्रियों की आवाजाही में बाधा न बने।
शुरुआती चरण में यमुना सिटी सेक्टर-29 से तिरथली गांव तक निर्माण कार्य जारी है। यह मार्ग अप्रैल-2026 तक तैयार करने का लक्ष्य है। 8.25 किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी इस सड़क का निर्माण एनएचएआई कर रहा है, जबकि 178 करोड़ रुपये की लागत यमुना प्राधिकरण वहन करेगा। नई सड़क एयरपोर्ट के कार्गो ट्रैफिक के लिए सीधा व सुगम मार्ग उपलब्ध कराएगी और उत्तर-पूर्वी दिशा में कनेक्टिविटी की कमी को पूरा करेगी।
सेक्टर-29 से 60 मीटर रोड पर मिलेगा जुड़ाव
तिरथली से निकलकर यह सड़क यमुना सिटी सेक्टर-29 की 60 मीटर रोड से जुड़ेगी, जिससे आगे मालवाहक वाहन सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे। वहीं, भविष्य की जरूरत को देखते हुए इस 30 मीटर सड़क को आगे 60 मीटर तक चौड़ा किए जाने की योजना है। पहले इसे 75 मीटर करने का प्रस्ताव था, लेकिन भूमि अधिग्रहण की दिक्कतों से परियोजना प्रभावित हुई है।
-
कई शहरों तक होगी तेज कनेक्टिविटी
नई सड़क बनने के बाद दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, लखनऊ, फरीदाबाद, गुरुग्राम और राजस्थान के कई शहरों से मालवाहक वाहनों का एयरपोर्ट तक आना-जाना तेज और आसान हो जाएगा।