सेक्टर-137 स्थित फेलिक्स अस्पताल में टीका लगवाती नोएडा प्राधिकरण की सीइओ रीतु माहेश्वरी।
नोएडा। जिले में टीकाकरण अगले सप्ताह से और तेज होने वाला है। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद के निर्देश के तहत अब स्वास्थ्य केंद्रों पर भी छह दिन टीकाकरण किया जाएगा। अब तक केंद्रों पर तीन दिन सोमवार, बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को टीकाकरण किया जा रहा था, लेकिन अब रविवार को छोड़कर किसी भी दिन लोग सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण करा सकते हैं।
अपर मुख्य सचिव द्वारा ग्रामीण जनता के बीच टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए नियमों में बदलाव किया गया है। जिले के निजी अस्पतालों में 4 दिन टीका लगाया जा रहा है। हालांकि, सीएमओ ने उन्हें भी निर्देशित किया गया है कि यदि 6 दिन टीकाकरण करना चाहते हैं तो विभाग से अनुमति ले सकते हैं। वहीं, जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
1969 लोगों का टीकाकरण
तीसरे चरण में शनिवार को 4 सरकारी व 7 निजी अस्पतालों में टीकाकरण किया गया। इसमें सरकारी अस्पतालों में 900 और निजी अस्पतालों में 1069 लोगों को टीका लगा। इनमें 60 वर्ष से अधिक के 1176 लोगों को डोज दी गई। वहीं, 45 से 59 वर्ष के 308 बीमार व्यक्तियों को टीका लगा। जिला अस्पताल में 60 वर्ष से अधिक आयु के 386 लोगों को टीका लगाया गया।
जिम्स में 150 वृद्धों को लगा टीका
जिम्स में 150 बुजुर्गों को टीके लगाए गए। जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को करीब 425 बुजुर्गों को टीके लगाए गए थे। वहीं, शनिवार को संख्या कम रही। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन टीका लगाने की सुविधा है। यहां पर करीब 1000 टीके प्रतिदिन लगाए जाने की क्षमता है। उन्होंने बुजुर्गों से टीका लगवाने की अपील की।
बुजुर्गों के टीकाकरण की सांसद कर रहे देखरेख
सांसद डॉ. महेश शर्मा कोरोना टीकाकरण के संबंध में काफी सजग हैं। वह कैलाश अस्पताल में बुजुर्गों के टीकाकरण की खुद देखरेख कर रहे हैं। सांसद का कहना है कि सभी जनप्रतिनिधियों को चाहिए कि वह अपने क्षेत्र में बुजुर्गों को महामारी से बचाने के लिए टीकाकरण कराएं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को पूर्ण सुविधाएं देते हुए स्वयं अपनी देखरेख में वैक्सीनेशन का कार्य करा रहें हैं।