नोएडा। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान शहर में चार स्थानों पर डॉग शेल्टर बनाने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन के तहत प्राधिकरण चार स्थानों पर जमीन चिह्नित कर रहा है। इसके अलावा आरडब्ल्यूए से भी इस संबंध में प्रस्ताव मांगा जाएगा।
वरिष्ठ प्रबंधक एससी मिश्रा ने बताया कि सीईओ के निर्देश पर योजना पर काम चल रहा है। पहले चरण में चार शेल्टर बनाने के बाद दूसरे चरण में कुछ अन्य स्थानों पर भी ऐसे शेल्टर बनाए जाएंगे। इसमें 50 कुत्तों के रहने की जगह होगी। इसके लिए आरडब्ल्यूए से ही केयर टेकर रखने के लिए कहा जाएगा। इसके अलावा मौखिक तौर पर करीब-करीब हर आरडब्ल्यूए की ओर से उनके सेक्टर में डॉग शेल्टर बनाने की अपील की जा रही है।
ई-साइकिल स्टैंड संचालन के लिए होगा निविदा
नोएडा। प्राधिकरण की ओर से शहर में 62 स्थानों पर ई-साइकिल स्टैंड बनाने की कवायद की जा रही है। इसके संचालन के लिए अब तक कोई एजेंसी नहीं मिल पाई है। प्राधिकरण एक बार फिर निविदा निकालेगा। टेंडर के बाद एजेंसी चयन की कवायद होगी। इसके अलावा बाकी बचे स्टैंड को भी बनाने का काम किया जा रहा है। ब्यूरो