बलिया। नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने कहा कि परिवहन मंत्री के हस्तक्षेप व प्रशासन से हुई वार्ता के बाद अब ददरी मेला का आयोजन नगर पालिका परिषद की तरफ किया जाएगा। इसके लिए 16 मुद्दों पर सहमति बन गई है।
उन्हाेंने कहा कि मीना बाजार एवं भारतेंदु मंच पर होने वाले कार्यक्रम अध्यक्ष के हिसाब से तय किए जाएंगे। जिला प्रशासन का कार्य ददरी मेला में सुरक्षा व्यवस्था की होगी। मेले में आवश्यकतानुसार नपा अध्यक्ष / जीओसी ददरी मेला के अनुरोध पर पुलिस बल बढ़ाया जाएगा। निविदा का कार्य जिला प्रशासन की देखरेख में पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
दरअसल ऐतिहासिक ददरी मेले के आयोजन को लेकर नगर पालिका परिषद व प्रशासन के बीच खींचतान जारी है। बृहस्पतिवार को विकास भवन के सभागार में प्रशासन व चेयरमैन की संयुक्त प्रेसवार्ता में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। चेयरमैन पक्ष मेले में प्रशासन की भूमिका से संतुष्ट नहीं दिखा। इससे काफी देर तक हंगामा होता रहा। हालांकि कुछ मुद्दों पर नगर पालिका अध्यक्ष ने आयोजन के बाबत जानकारी दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने कहा कि मेले में भूमि का आवंटन प्रशासन व नगर पालिका परिषद के सभासद की उपस्थिति में की जाएगी। दुकानों के किराये आदि का भुगतान डिजिटल होगा। ददरी मेला के मीना बाजार का आयोजन वर्ष 2023 के अनुसार किया जाएगा। ददरी मेला के किसी भी निविदा को निरस्त करने का अधिकार अध्यक्ष के पास होगा। समस्त निविदा व नीलामी पिछले वर्ष से 10 प्रतिशत अधिक होगी। विद्युत आपूर्ति व प्रकाश व्यवस्था रात 12 बजे और हाईमास्ट लाइटें सुबह 5 बजे तक जलाई जाएंगी। झूले की निविदा में कोई शर्त नहीं होगी। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दिन आरती की व्यवस्था नपा की तरफ से होगी। मेला क्षेत्र की व्यवस्था प्रशासन की देखरेख में की जाएगी।
-
आपसी सामंजस्य से होगा आयोजन
सीआरओ त्रिभुवन के निर्देश पर ईओ सुभाष कुमार ने कहा कि ददरी मेला 2025 में नए सिरे से आपसी सामंजस्य से आयोजित होगा। 2024 का मेला नहीं लगाने का पत्र चेयरमैन ने लिख कर दिया था, उसके बाद प्रशासन ने मेले का आयोजन कराया था। नगर पालिका परिषद प्रशासन के सहयोग मेले का आयोजन करेगा। सीआरओ त्रिभुवन ने कहा कि मेले का आयोजन नगर पालिका परिषद एवं सभी के सहयोग से किया जाएगा। इसमें किसी तरह का संदेह नहीं होना चाहिए।
चेयरमैन के भाई ने आयोजन पर उठाए सवाल
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन संत कुमार उर्फ मिठाई लाल के भाई विनोद कुमार भी प्रेसवार्ता में पहंुच गए। उन्होंने कहा कि मेला वर्ष 2023 के पहले से लगता चला आ रहा उसके अनुसार लगेगा या कैसे लगेगा। इसपर ईओ सुभाष कुमार ने कहा कि 2023 का मेला किस हिसाब से लगा था इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
-
सभासदों के साथ बैठक के बाद बनेगी समिति
चेयरमैन संत कुमार उर्फ मिठाई लाल भारती ने कहा कि सभासदों के साथ जल्द बैठक कर मेला आयोजन के लिए नगर पालिका परिषद की समिति बनाई जाएगी। मेला का बेहतर व व्यवस्था संचालन के लिए समिति कार्य करेगी। नगर पालिका परिषद की देखरेख में ही मेला का आयोजन होगा।
-