अब बीच में नहीं छूटेगी मलेरिया की दवा, रखना होगा हर दिन का हिसाब
जिला मलेरिया विभाग की ओर से लॉन्च किया गया मलेरिया कार्ड
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मलेरिया के मरीज अब अपनी दवा का कोर्स अधूरा नहीं छोड़ पाएंगे। जिला मलेरिया विभाग की ओर से मरीजों को दवा के साथ एक कार्ड भी दिया जाएगा। 14 दिन दवा खाने तक हर दिन का हिसाब कार्ड पर देना होगा। इससे मरीज पूरी दवा खा सकेंगे और बीमारी दोबारा होने की संभावना भी बहुत कम हो जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि एक मलेरिया कार्ड लॉन्च किया गया है। मलेरिया के मरीजों को यह कार्ड दिया जाएगा। इस कार्ड में अलग-अलग दिन का रिकॉर्ड रखा जाएगा कि किस दिन मरीज ने दवा खाई है। दवा खाने के बाद मरीज को उस कॉलम में टिक करना होगा। इससे दवा खाने में भूल नहीं हो पाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 2030 तक मलेरिया खत्म करना है और कई मरीज ऐसे हैं जो पॉजिटिव होने के बाद दवा शुरू करते हैं लेकिन दवा बीच में ही छोड़ देते हैं। ऐसे में मलेरिया किसी न किसी रूप में दोबारा आ जाता है। पैरासाइट शरीर से मरता नहीं है। ऐसे में डेढ़ से दो साल में मलेरिया दोबारा होने की संभावना अधिक होती हैै।