डीआईओएस ने बेसिक शिक्षा विभाग की रिपोर्ट पर स्कूलों को भेजा नोटिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत दाखिला नहीं देने पर नोएडा व ग्रेटर नोएडा के 5 स्कूलों को नोटिस जारी किया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी रिपोर्ट डीआईओएस को दी है। जिस पर नोटिस जारी कर स्कूलों को चेतावनी दी है कि अगर दाखिला नहीं दिया तो उनके स्कूलों की एनओसी को रद्द् कर दिया जाएगा।
आईटीई के तहत निजी स्कूलों को 25 प्रतिशत सीटों पर गरीब बच्चों को दाखिला देना है, लेकिन नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निजी स्कूल दाखिला देने में आनाकानी कर रहे हैं। शिकायत पर बेसिक शिक्षा विभाग लगातार स्कूलों को नोटिस जारी कर रहा है, लेकिन फिर भी स्कूल मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। अभिभावकों की शिकायत पर बेसिक शिक्षा विभाग ने डीआईओएस को एक रिपोर्ट भेजी है। जिसमें 5 स्कूलों के दाखिला नहीं देने की जानकारी दी है। डीआईओएस डाॅ धर्मवीर सिंह ने बताया कि डीपीएस ग्रेनो वेस्ट, फॉर्चून वर्ल्ड स्कूल, रामाज्ञा, दरबारी लाल, खेतान और राघव ग्लोबल स्कूल को नोटिस जारी किया गया है। बीएसए कार्यालय के पत्र पर नोटिस भेजा गया है।