संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान सीटीएम पीयूष गुप्ता के समक्ष 11 शिकायतें पहुंचीं। इनमें से एक भी शिकायत का समाधान मौके पर नहीं हो सका। सभी शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास भेजा गया है।
समाधान शिविर में दड़वा निवासी अरविंद कुमार ने गांव गधौली से दड़वा तक सड़क बनवाने, यमुनानगर निवासी सुरेन्द्र पाल ने रिहायशी प्लाट पर नाजायज कब्जा करने, रामपुरा कॉलोनी निवासी नरेश ननंदा ने सीवरेज लाइन नई लगवाने, बूड़िया निवासी बलवंत ने कैश लेस कार्ड ने मिलने, मेन बाजार में शौचालय की व्यवस्था और , सड़क पर रैंप बनवाने की मांग की।
चनेटी निवासी वीना रानी ने राशन कार्ड बनवाने तथा मॉडल कॉलोनी निवासी सुमन ने दुकान का नंबर नगर निगम में ठीक करवाने समस्या रखीं। वहीं अधिकारी ने लोगों की समस्याओं को संबंधित विभाग को भेज दिया है। साथ ही, अधिकारियों को इन समस्याओं को तुरंत हल करवाने के भी आदेश दिए हैं।
सीटीएम पीयूष गुप्ता ने बताया कि समाधान शिविर में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्याओं को मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। अब ये शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हो रहे। पूर्व की भांति जिला व उपमंडल दोनों स्तरों पर शिविर का आयोजन होगा। इस अवसर पर डीआईओ तरुण सहोता, डीएमसी नगर निगम कुलदीप मलिक व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।