- गौतमबुद्ध नगर में खेलों के विकास के दावे फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। खेलों को बढ़ावा देने के लिए शासन-प्रशासन भले ही बड़े-बड़े वादे करता हो, लेकिन गौतमबुद्ध नगर में उनकी जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश करती है। जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, परंतु संसाधनों की कमी और खेल की उपेक्षा के चलते युवा खिलाड़ी जूझ रहे हैं। मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण को एक वर्ष से अधिक का समय बीत गया है। लेकिन कोच की व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहीं कारण है कि प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए सोमवार को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिलास्तरीय ट्रायल का आयोजन होना था। लेकिन ट्रायल में जिले से एक खिलाड़ी नहीं पहुंची। जिले की प्रतिभाएं एक बार फिर प्रदेशस्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा सकीं।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिले की बास्केटबॉल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लाखों की लागत से सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण तो किया हुआ है। लेकिन अभी तक उसके लिए कोच की नियुक्ति नहीं हो सकी। नतीजन खिलाड़ी सही प्रशिक्षण से वंचित हैं और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार नहीं हो पा रहे।