नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। ये ट्रेनें छपरा जंक्शन से दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेंगी।
रेलवे के अनुसार पूर्वी क्षेत्रों की ओर भारी यातायात को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है ताकि यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा हो सके। पहली ट्रेन छपरा-आनंद विहार टर्मिनल-छपरा अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल के रूप में संचालित की गई। यह रास्ते में मशरक, दिघवा दुबौली, थावे, पडरौना, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें जनरल और स्लीपर श्रेणी के डिब्बे होंगे। दूसरी ट्रेन छपरा-दिल्ली-छपरा आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल के रूप में चलाई गई। यह बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी, अयोध्या कैंट, लखनऊ, मुरादाबाद और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल हैं। ब्यूरो