- पुलिस ने रेस्टोरेंट के कर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने रेस्तरां संचालक पर शाकाहारी के बजाए मांसाहारी बिरयानी डिलीवर करने का आरोप लगाया है। बिसरख कोतवाली पुलिस ने रेस्तरां संचालक राजबंशी निवासी ईकोविलेज-1 को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी का कहना है कि उस दिन काफी मात्रा में ऑनलाइन ऑर्डर आए थे। इस कारण गलती से ऑर्डर डिलीवर हो गया।
अजनारा होम्स सोसाइटी की छाया शर्मा का कहना है कि नवरात्र पर फूड डिलीवरी ऐप स्विगी से सेक्टर-2 स्थित आम्रपाली से चार मार्च को लखनऊ कबाब परांठा रेस्टोरेंट से शाकाहारी बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन डिलीवरी के वक्त उन्हें मांसाहारी (चिकन) बिरयानी का पैकेट थमा दिया गया। वह पूरी तरह से शाकाहारी हैं और उन दिनों नवरात्र का उपवास रख रही थीं। उन्होंने जैसे ही बिरयानी का स्वाद चखा उन्हें शक हुआ कि यह वेज नहीं है। बाद में पुष्टि होने पर उन्होंने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की जो तुरंत वायरल हो गई।
छाया ने कहा कि वह नवरात्र का व्रत रख रही थी। गलती से एक-दो बाइट खा भी ली। इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। युवती का आरोप है कि रेस्तरां की ओर से ऐसा जान बूझकर किया गया है। जब शिकायत दर्ज कराने के लिए फोन किया तो संचालक का फोन बंद मिला। युवती का वीडियो वायल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कंपनी से माफी और जवाबदेही की मांग की है। वहीं रेस्तरां के अलावा फूड डिलीवरी ऐप की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। गौरतलब है कि पूर्व में भी इस तरह के मामले आ चुके हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए रेस्तरां के कर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रेस्त्ररां से चिकन बिरयानी, मटन बिरयानी, चिकन कबाब, दही, चावल सहित पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। रेस्तरां संचालक के पास लाइसेंस मिला है। रेस्तरां में सफाई नहीं मिलने पर संचालक को सफाई के लिए निर्देशित किया है। -सर्वेश मिश्रा, सहायक आयुक्त, द्वितीय खाद्य सुरक्षा