- प्री-स्टेट में पदक जीतने वाले खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर दिखा रहे दम, लड़कियों का दबदबा
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। दिल्ली स्थित करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में नोएडा के युवा निशानेबाज प्रदर्शन कर रहे हैं। 21 से 30 जून तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है और अपनी सटीक निशानेबाजी से पहचान बना रहे हैं। चैंपियनशिप में नोएडा का प्रतिनिधित्व अगम्या पटवाल, स्मायरा कात्यायन, अनवी सिंह, संगीता सिंह, श्रेया दीक्षित, अर्जित, हिमांशु राजपूत, मान सिंह और रवि प्रताप सिंह कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों ने मई-जून में आयोजित यूपी प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।
प्रतियोगिता में विशेष रूप से बालिका निशानेबाजों का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है। खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी तकनीक, एकाग्रता और मानसिक मजबूती का प्रदर्शन कर रहे हैं। कोचों का मानना है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की राह खोलने में महत्वपूर्ण साबित होगी। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि वे राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी जगह पक्की करेंगे।
कोट्स-
स्टेट चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का लक्ष्य है। -स्मायरा कात्यायन, खिलाड़ी
शूटिंग मुझे एकाग्रता और आत्मविश्वास देती है, मैं पूरी तैयारी के साथ उतरी हूं। -अनवी सिंह, नेशनल शूटर
लगातार मेहनत और अभ्यास से अपने खेल को बेहतर बनाने पर फोकस है। -अगम्या पटवाल, खिलाड़ी
शूटिंग में सफलता का सबसे बड़ा मंत्र मानसिक संतुलन और धैर्य है। -संगीता सिंह, कोच एवं नेशनल खिलाड़ी