सेक्टर-76 स्थित सिलिकॉन सिटी में पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने एक युवक को काट लिया। कुत्ते का मालिक उस पर नियंत्रण नहीं कर पाया जिसके चलते यह घटना हुई। इसके बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लावारिस कुत्तों के साथ पालतू भी अब जान को खतरा बन रहे हैं। सोसाइटी के निवासी विशाल अग्रवाल ने बताया कि दो दिन पहले भी एक कुत्ते ने कार चालक को काट लिया था। पार्किंग में जैसे ही कार खड़ी कर कार चालक नीचे उतरा, तभी उस पर कुत्तों ने हमला कर दिया। बीते शुक्रवार को सेक्टर-56 में रहने वाली शिप्रा सिंह के 10 साल के बच्चे पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने हमला कर दिया था। बच्चे की मां ने सेक्टर-58 थाने में कुत्ते के मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
अमेरिका में पिटबुल पर प्रतिबंध देश में नहीं : कावेरी राणा
पशु प्रेमी कावेरी राणा का कहना है कि पिटबुल नस्ल के कुत्तों पर अमेरिका में प्रतिबंध है, लेकिन देश में इस पर प्रतिबंध नहीं है। पिटबुल जब किसी को काटता है तो उसका मुंह बंद हो जाता है, वह चाहकर भी मुंह में दबाए अंग को आसानी से नहीं छोड़ पाता। यहां अवैध और गलत तरीके से (दूसरी नस्ल के कुत्तों) प्रजनन कराने के कारण पिटबुल की खतरनाक नस्ल पैदा हो रही है।